
इंदौर. नो कार डे पर मंगलवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह कार छोड़कर साइकिल से अपने निवास से कार्यालय पहुंचे. उन्होंने साइकिल चलाकर शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण और निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने का संदेश दिया.
पुलिस कमिश्नर की पहल के बाद इंदौर पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी नो कार डे में भागीदारी की. कई पुलिसकर्मी कार की जगह साइकिल, दोपहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से रोजमर्रा के आवागमन में निजी कारों के बजाय साइकिल और लोक परिवहन के साधनों का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक दिन की मुहिम नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदतों में बदलाव से संभव है. निजी वाहनों का कम इस्तेमाल कर लोक परिवहन और साइकिल को अपनाने से ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी.
