सीधी:स्वच्छता और जनभागीदारी के संकल्प के साथ जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के शुभारंभ अवसर पर गणेश मंदिर परिसर, पूजा पार्क में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, नगर पालिका, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों और नागरिकों ने सहभागिता की। स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।स्वच्छता कार्यक्रम के दौरान गणेश मंदिर परिसर पूजा पार्क में साफ-सफाई की गई। उपस्थित लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, गंदगी नहीं करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा की उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग अथवा संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक सहभागिता का विषय है। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से शहर एवं जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत और जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अभियान में विभिन्न विभागों, संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर समाजसेवी देवकुमार सिंह चौहान, शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी, पार्षद आनन्द परियानी, पूनम सोनी, बाबूलाल कुशवाहा, सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक धनंजय मिश्रा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी महमूद हसन, सहायक आयुक्त पी.के. पाण्डेय, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर, श्रम पदाधिकारी आकांक्षा पाठक, समाजसेवी पंकज पाण्डेय, अमित गौतम, किरण सिंह, मनीला सिंह सहित नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, समाजसेवी एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
