
आमला। आमला पुलिस को खेत से पानी की मोटर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई मोटर, चोरी में प्रयुक्त स्कूटी और औजार सहित कुल ₹1.20 लाख का मशरूका बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
यह घटना 5 अप्रैल की रात की है, जब ग्राम खरपड़ाखेड़ी निवासी सुदामा सिंह के ग्राम सेमरियाजोशी स्थित खेत में बने टीनशेड कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने अंदर रखी 3 एचपी की ओपल व्हील पानी की मोटर चोरी कर ली थी। मामले में 6 अप्रैल को थाना आमला में अपराध क्रमांक 110/2026 धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी मुलताई के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित मालवीय निवासी शोभापुर और राजेन्द्र सिंह रघुवंशी निवासी शोभापुर के रूप में हुई है। आरोपियों से एक गोल्डन रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी, चोरी गई ओपल व्हील मोटर तथा वारदात में उपयोग किए गए पाना, कटर, आरी, हथौड़ी और लीवर बरामद किए गए। इस कार्यवाही में निरीक्षक रविकांत डेहरिया, सउनि रामेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक 411 नीलेश सोनी, प्रधान आरक्षक 294 कमलेश धुर्वे, आरक्षक 719 तिलक कोड़ापे, आरक्षक 713 विवेक पाल एवं आरक्षक 395 नागेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
