
टीकमगढ़। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो दिन बाद सोमवार को आरोपी वीरू रैकवार (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नाबालिग को बहला फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप है।
यह घटना 3 अप्रैल की है, जब आरोपी वीरू रैकवार नाबालिग लड़की को अपने साथ ले गया था। लड़की के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जानकारी के अनुसार, आरोपी पीड़ित नाबालिग के घर के पास ही रहता है और तीन दिन पहले उसे जबरन भगा ले गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसपी मनोहर मंडलोई ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया था। एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गर्ड है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
