इंदौर: स्कूलों में किताबों, स्टेशनरी और यूनिफॉर्म के नाम पर अभिभावकों से अधिक कीमत वसूलने और जबरन खरीद के लिए दबाव बनाने की शिकायतों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. इस संबंध में एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिस पर अभिभावक सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे.जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर 0731-2431117 पर अभिभावक स्कूलों की मनमानी के खिलाफ शिकायत कर सकते हैं.
यह हेल्पलाइन 7 अप्रैल से सुबह 11 बजे शुरू होगी और कार्यालयीन समय में संचालित रहेगी. कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की शिक्षा विभाग द्वारा त्वरित जांच की जाएगी. यदि कोई स्कूल दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक इस हेल्पलाइन नंबर पर शैक्षणिक मामलों के साथ-साथ अन्य शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं. प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत दें, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके.
