​तारीख बढ़ी तो टूटा सब्र: शादी-ब्याह के खर्च के लिए मंडी में गेहूं बेचने को मजबूर अन्नदाता

ब्यावरा। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तारीख बढ़ा देने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शादी ब्याह के सीजन व अन्य आवश्यक कार्यो में पैसो की सख्त आवश्यकता के चलते अब समर्थन मूल्य खरीदी का इंतजार किए बिना कृषि मंडी में ही बड़ी मात्रा में गेहूं का विक्रय किया जा रहा है.

गौरतलब है कि समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 1 अप्रैल से शुरु करने की घोषणा की गई थी. फसल कटाई के बाद समर्थन मूल्य पर गेहूं का विक्रय करने की तैयारी शुरु कर दी गई किंतु इसी बीच एकाएक खरीदी की तारीख बढ़ाकर 10 अप्रैल कर देने से मायूसी का भाव व्याप्त हो गया. शासन द्वारा 10 अप्रैल से खरीदी की बात कही जा रही है लेकिन पूर्व में तारीख बढ़ा देने से खरीदी को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है. यही कारण है कि समर्थन मूल्य खरीदी के पूर्व बड़ी मात्रा में कृषि मंडी में गेहूं की फसल को विक्रय हेतु लाया जा रहा है.

लम्बे अवकाश से फसल विक्रय में परेशानी

प्राय: स्थानीय कृषि उपज मंडी में आये दिन लम्बे समय तक अवकाश की स्थिति बनी रहती है. गत 26 मार्च से 3 अप्रैल तक कृषि मंडी में 9 दिन का अवकाश रहा. इसी तरह आये दिन मंडी में अवकाश के कारण फसल विक्रय करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.

सोमवार को ही वाहनों से पटे शेड

आज से मंडी में नीलामी शुरु होगी इसके एक दिन पूर्व सोमवार की शाम तक स्थानीय कृषि मंडी में काफी संख्या में फसल से भरे वाहन आ पहुंचे. मंडी परिसर में मौजूद शेड वाहनों से पूरी तरह पट गये. देर शाम तक वाहनों का आना जारी था.

शादी, ब्याह व अन्य कार्यो में पैसों आवश्यकता

वर्तमान में शादी ब्याह का सीजन होने से पैसों की सख्त आवश्यकता है, ऐसे में कृषि मंडी में गेहूं व अन्य फसल की बम्पर आवक हो रही है. सोमवार को ग्राम गिंदोरहाट, पगारी बंगला, अभयपुर, बानपुर सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्र से शिव सिंह, बद्रीलाल, मांगीलाल, पे्रम सिंह सहित कृषकगण मंडी में फसल लेकर आये. किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी की तारीख बढ़ा दी गई. जबकि शादी, ब्याह व अन्य आवश्यक कार्य के चलते पैसों की अभी आवश्यकता है. मजबूरी में कम भाव पर ही फसल बेचना पड़ रही है.

दो दिन में 25 हजार क्विंटल गेहूं की आवक

समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के पूर्व स्थानीय कृषि मंडी में गेहूं की बम्पर आवक हो रही है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो दिन में ही लगभग 25 हजार क्विंटल गेहूं मंडी में विक्रय के लिए आ गया. 4 अप्रैल को कृषि मंडी में गेहूं की आवक 13 हजार 409 क्विंटल रही. न्यूनतम भाव 1800 तथा उच्चतम मूल्य 2670 रहा. जबकि 5 अप्रैल को गेहूं की आवक 11 हजार 551 क्विंटल रही तथा न्यूनतम भाव 1925 व उच्चतम मूल्य 2625 रहा. इस तरह भाव भी अच्छे रहे.

 

Next Post

कांग्रेस प्रवक्ता पद के लिए हुए साक्षात्कार

Tue Apr 7 , 2026
इंदौर:कांग्रेस में प्रवक्ता पद चयन प्रक्रिया के तहत आज कमेटी ने साक्षात्कार लिए. चयन कमेटी के समक्ष करीब 70 कांग्रेसियों ने इंटरव्यू दिए. उक्त प्रक्रिया में इंदौर संभाग के शहर और जिलों के लिए प्रवक्ता चयन किए जाएंगे. इंदौर शहर में करीब 10 कांग्रेसियों ने साक्षात्कार दिए हैं.अखिल भारतीय कांग्रेस […]

You May Like