
सोहागपुर। नगर के जाने-माने समाजसेवी श्री शिवकुमार दीवान (मुन्ना काका) के आकस्मिक निधन से जिझौतिया कड़ा माणिक पुरी ब्राह्मण समाज और क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
समाजिक जनों का कहना है कि मुन्ना काका का जीवन सेवा, सादगी और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक रहा। वे हमेशा कुछ नया और अच्छा करने की सोच के साथ समाजसेवा में सक्रिय रहते थे।
जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान बनी रहती थी और वे सरल स्वभाव के लिए पहचाने जाते थे।
सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष रुचि रही। परशुराम भवन निर्माण के दौरान उन्होंने अतुलनीय योगदान दिया।
जहां कई लोगों ने आर्थिक सहयोग किया, वहीं मुन्ना काका ने स्वयं श्रमदान करते हुए भवन की देखरेख, साफ-सफाई और निर्माण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
उनके इस योगदान को भवन की नींव के समान महत्वपूर्ण माना जाता है।
वे युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले व्यक्तित्व थे और हमेशा सभी के लिए सहज उपलब्ध रहते थे।
उनकी जीवनशैली सादगीपूर्ण थी और समाज के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक रहा। उनके अचानक निधन से सभी स्तब्ध और दुखी हैं। नगरवासियों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें
