सतना:जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी पांच महीने की गर्भवती पाई गई, जिसने शुरुआत में स्कूल के टीचर सहित दो अन्य लोगों पर गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाया था। लेकिन पुलिस जांच में यह पूरा मामला झूठा निकला। किशोरी ने अपने बॉयफ्रेंड के कहने पर परिवार और पुलिस को गुमराह करने के लिए यह कहानी गढ़ी थी। मंगलवार शाम को एक बुजुर्ग महिला अपनी 16 वर्षीय पोती को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। लडक़ी की तबीयत खराब बताई जा रही थी।
डॉक्टरों ने गायनिक वार्ड में जांच की तो पता चला कि नाबालिग करीब पांच महीने की गर्भवती है। इस खुलासे से परिवार और अस्पताल स्टाफ हैरान रह गए। तुरंत अस्पताल चौकी पुलिस को सूचना दी गई। रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के निर्देश पर महिला सब इंस्पेक्टर अस्पताल पहुंचीं और नाबालिग तथा उसकी दादी के बयान दर्ज किए। शुरुआती बयान में किशोरी ने दावा किया कि पिछले साल दीपावली के आसपास स्कूल के एक कमरे में एक शिक्षक ने उसे बहला-फुसलाकर ले जाकर बेहोश कर दिया। वहां पहले से दो नकाबपोश मौजूद थे। तीनों ने मिलकर उसे सुंघाकर बेहोश किया और गैंगरेप किया। होश आने पर एक महिला शिक्षक ने उसे बाहर निकाला। डर के मारे उसने किसी को नहीं बताया और स्कूल जाना भी बंद कर दिया। इस बयान के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग में हडक़ंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी गई।
गांव और परिवार के सदस्यों से पूछताछ
रात में ही पुलिस ने गांव और परिवार के आसपास पूछताछ की। कई बातें संदिग्ध लगीं। महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति कुशवाहा ने शांत वातावरण में मनोवैज्ञानिक तरीके से किशोरी से दोबारा बात की। तब किशोरी ने सच स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने गैंगरेप की कहानी गढ़ी थी ताकि असली सच्चाई छिप जाए। असल में उसके गांव के ही एक नाबालिग लडक़े से उसका अफेयर चल रहा था और प्रेमी के कहने पर ही उसने यह झूठी कहानी बनाई।
