सतना: मैहर सिविल अस्पताल की छत पर बड़ी मात्रा में एक्सपायर दवाइयां खुले में पड़ी मिली हैं। इस संबंध में मंगलवार शाम को वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल की छत पर दवाइयों के कई पैकेट और बॉक्स पड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनके एक्सपायर होने की बात कही जा रही है। घटना से स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की साख पर आंच आई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खुलेआम रखी गई ये दवाइयां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इनसे मरीजों की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता है। एक्सपायर दवाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया जाना चाहिए, लेकिन यहां उन्हें लापरवाहीपूर्वक फेंक दिया गया।
जांच कर दोषियों पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि यह उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि ये दवाइयां कौन सी हैं और अस्पताल परिसर में कैसे पहुंचीं। सीएमएचओ ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम इस मामले की जांच में जुट गई है।
