यह निमाड़ी और निमाड़ का सम्मान : जगदीश जोशीला

खरगोन 26 जनवरी (वार्ता) पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर निमाड़ के प्रसिद्ध साहित्यकार जगदीश जोशीला ने कहा है कि यह निमाड़ी और निमाड़ का सम्मान है।

पद्मश्री मिलने पर निमाड़ी गद्य के जनक के रूप में प्रसिद्ध और अखिल निमाड़ लोक परिषद के संस्थापक 76 वर्षीय जगदीश जोशीला ने पद्मश्री से सम्मानित किये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की कि यह मूल रूप से मेरी जन्मभूमि निमाड़ और निमाड़ी बोली की उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने बीते तीन दशक में निमाड़ क्षेत्र के करीब 25 विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को कई पत्र लिखकर निमाड़ी बोली को निमाड़ी भाषा के रूप में मान्यता दिलवाने का अनुरोध किया था, लेकिन समर्पण के अभाव में ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लोकजनपदीय कवियों की बोली पंजाबी, ब्रज, गुजराती, अवधी आदि को भाषा का दर्जा मिला, लेकिन निमाड़ी को भाषा के रूप में मान्यता दिलाने का संघर्ष जारी है। उन्होंने कहा कि दरअसल बुनियादी मुद्दों का राजनीतिकरण कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि संत सिंगा जी अपने निमाड़ी साहित्य के माध्यम से 500 वर्षों से जीवित हैं, लेकिन हम इसे भाषा की मान्यता दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

देश में निमाड़ी के एकमात्र उपन्यासकार जगदीश जोशीला का जन्म 3 जून 1949 को मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के गोगावा में एक मजदूर परिवार में हुआ था। गोगावा से ही दसवीं तक की शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने इंदौर से साहित्य विशारद की उपाधि प्राप्त की। मूल रूप से समाजवादी रहे जगदीश जोशीला ने 1980 में लोकदल, 1985 में जनता पार्टी और 1990 में जनता दल से खरगोन से विधायक का चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए।

जोशीला ने बताया कि उन्होंने निमाड़ी में दो उपन्यासों सहित 28 पुस्तकें लिखी हैं। इसके अलावा उन्होंने हिंदी में 28 अन्य पुस्तकें (10 उपन्यास सहित) लिखी हैं। उन्होंने निमाड़ी व्याकरण और शब्दकोष भी तैयार किया है। उन्होंने कहा कि निमाड़ के महान संत संत सिंगाजी पर अपने 778 पेज के शोध उपन्यास के अलावा उन्होंने अहिल्या माता पर दो भागों में उपन्यास लिखा है, जिसका अंग्रेजी में अनुवाद भी हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने जननायक टंट्या मामा और आदि शंकराचार्य पर भी उपन्यास लिखे हैं।

Next Post

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह द्वारा पुलिस कमिश्नर कार्यालय पलासिया में झंडा वंदन किया गया

Sun Jan 26 , 2025
आज 26 जनवरी 2025 को 76 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह द्वारा पुलिस कमिश्नर कार्यालय पलासिया में झंडा वंदन कर , राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी एवं उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों सहित समस्त शहर वासियों को गणतंत्र दिवस की […]

You May Like