मऊगंज: कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में कलेक्टर ने जिले की विद्युत व्यवस्था, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. कलेक्टर ने जिले के घरेलू एवं कृषि फीडरों पर विद्युत प्रदाय की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली.
उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार घरेलू क्षेत्रों में निर्बाध बिजली सुनिश्चित की जाए. विशेष रूप से कृषि फीडरों पर सिंचाई हेतु पर्याप्त वोल्टेज और निर्धारित घंटों तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें. ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि खराब हुए ट्रांसफार्मर को निर्धारित समयावधि के भीतर बदला जाए तथा फीडर सुधार का कार्य करें।
अटल गृह ज्योति योजना के अंतर्गत कलेक्टर ने जिलेवार लाभार्थियों की सांख्यिकीय जानकारी प्राप्त की. उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से मिले और उनके बिलों में सब्सिडी का स्पष्ट उल्लेख हो. बैठक में संशोधित वितरण क्षेत्र योजना आरडीएसएस योजना के कार्यो की समीक्षा की गई.
