कांग्रेस के कार्यकाल में राजस्थान बना भ्रष्टाचार और कुशासन का अड्डा: भजनलाल

भरतपुर, 28 सितंबर (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस के लोग केवल दोष मढ़ने का काम करते हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 33 महीने के कार्यकाल में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।

श्री शर्मा सोमवार को भरतपुर जिले के बयाना के बिड्यारी में कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम मेहनत कर रहे है और पानी, बिजली, सुरक्षा, स्वास्थ्य, किसान कल्याण जैसे सभी क्षेत्रों में कांग्रेस से कई गुना अधिक कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। प्रदेश में 309 नगर निकायों में से 204 में भाजपा का बोर्ड बना है। भरतपुर के 32 निकायों में से 23 में भाजपा का बोर्ड बनना राज्य में संगठन की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।

श्री शर्मा ने कहा कि निकाय चुनावों में बनी ट्रिपल इंजन की सरकार संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनसेवा के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायतीराज चुनावों में इसी ऊर्जा, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ लगने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए स्वयं से बड़ा संगठन और संगठन से ऊपर देश की भावना है। यही ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना हम सभी कार्यकर्ताओं की पहचान है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संकल्पों की सिद्धि में पंचायती राज व्यवस्था अहम कड़ी है। विकसित भारत और विकसित राजस्थान का संकल्प विकसित गांवों के बिना पूरा नहीं हो सकता। इसलिए पंचायती राज चुनाव को राष्ट्र सेवा का संकल्प मानकर कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक जनसंपर्क करने तथा युवाओं, किसानों, गरीब और मातृशक्ति से संवाद स्थापित कर राज्य सरकार की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पंचायती राज चुनावों की तैयारियों में अभी से जुट जाएं और संगठन को ग्राम पंचायत, पंचायत समिति तथा जिला परिषद स्तर तक मजबूत करें।

 

 

Next Post

देवास में पहली बार माता की पालकी को मिलेगा गार्ड ऑफ ऑनर, नवरात्रि में बनेगा अनूठा दृश्य

Mon Sep 28 , 2026
देवास। नवरात्रि में मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन के लिए उमड़ने वाली आस्था अब एक नए स्वरूप में दिखाई देगी। देवास की आराध्य देवियों की पालकी जब टेकरी से निकलकर विसर्जन चल समारोह का हिस्सा बनेगी, तब सयाजी द्वार पर प्रशासनिक सम्मान के साथ उसका स्वागत किया […]

You May Like