सेंट जोसेफ स्कूल मार्ग बना मुसीबत का रास्ता

सिंगरौली । ननि के वार्ड क्रमांक 42 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल मार्ग पर गैस एवं सीवर लाइन बिछाने का कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सड़क की खुदाई के बाद निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से मार्ग कई स्थानों पर संकरा हो गया है। नतीजतन प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल खुलने और छुट्टी के समय देखने को मिल रही है। सेंट जोसेफ स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों और अन्य वाहन चालकों को लंबी कतारों में फंसना पड़ता है। खुदाई वाले हिस्सों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से दोपहिया वाहन चालक जोखिम उठाकर निकलने को मजबूर हैं। बारिश के कारण कई स्थानों पर मिट्टी धंसने और फिसलन की स्थिति भी बन गई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि संबंधित एजेंसी ने सड़क खोदकर काम अधूरा छोड़ दिया, लेकिन उसे समय पर पूरा कराने की दिशा में कोई प्रभावी पहल नहीं की गई। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से तत्काल निर्माण कार्य पूरा कर सड़क को पूर्ववत बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जाम की समस्या और बढ़ेगी तथा किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

सीवर-गैस पाइप लाइन के अधूरे कार्य से शहर की सड़के बदहाल

शहर में सीवर लाइन और गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए कई प्रमुख सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन बारिश शुरू होने के बाद भी अधिकांश स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जबकि संबंधित एजेंसियों को मानसून से पहले सभी कार्य पूर्ण कर सड़के दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई मोहल्लों में सड़के उखड़ी हुई हैं और कई स्थानों पर जमीन धंसने लगी है। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन प्रभावित होने के साथ कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद नगर पालिक निगम सिंगरौली के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। नागरिकों ने अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा कर सड़के बहाल कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

बारिश में फिसल रहे वाहन, जिम्मेदार बेपरवाह

शहर के संत जोसेफ स्कूल मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। सड़क पर चारों ओर मिट्टी बिखरी होने से बारिश के दौरान यह मार्ग फिसलन भरा बन गया है। दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशानी झेल रहे हैं और आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के बाद मिट्टी हटाने और मार्ग को व्यवस्थित करने की ओर जिम्मेदार विभाग ने ध्यान नहीं दिया। हल्की बारिश होते ही सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे स्कूल आने-जाने वाले छात्र, अभिभावक और राहगीरों को भी जोखिम उठाना पड़ रहा है। लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की सफाई, मिट्टी हटाने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Next Post

वैश्य महासम्मेलन जिला महिला इकाई ने पर्यावरण महोत्सव मनाया

Sat Jul 25 , 2026
धार, वैश्य महासम्मेलन जिला महिला इकाई धार द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हरियाली एवं पर्यावरण महोत्सव बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया जिसमें सभी महिलाएं एक जैसी ग्रीन ड्रेस में स्थानीय मांगतुंगगिरी जैन तीर्थ पर एकत्रित होकर इस महोत्सव को वृक्षारोपणकिया और साथ ही साथ उसे आगे भी […]

You May Like