
सागर।हर घर में शिक्षा का दीप जले, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे एवं शिक्षा वह प्रकाश है जो अज्ञानता के अंधकार को दूर करती है। उक्त विचार खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर में सांदीपनि विद्यालय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में व्यक्त किए।
प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि आज हम सब यहाँ प्रवेश उत्सव के अवसर पर एकत्रित हुए है। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता, नए सपनों की शुरुआत और उज्ज्वल भविष्य की ओर पहला कदम है। उन्होंने कहा कि प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य है कि हर बच्चा विद्यालय से जुड़े, शिक्षा प्राप्त करे और अपने जीवन को सफल बनाए। शिक्षा वह प्रकाश है जो अज्ञानता के अंधकार को दूर करती है। जब कोई बच्चा पहली बार विद्यालय की दहलीज पर कदम रखता है, तो वह केवल स्कूल में प्रवेश नहीं करता, बल्कि वह ज्ञान, संस्कार और आत्मनिर्भरता की दुनिया में प्रवेश करता है।मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि हमारे देश में आज भी कई बच्चे ऐसे हैं जो किसी कारणवश शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। प्रवेश उत्सव हमें यह संदेश देता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से दूर न रहे। हमें मिलकर यह प्रयास करना चाहिए कि हर घरे का हर बच्चा स्कूल जाए और अपने सपनों को पूरा करे। नए विद्यार्थियों के लिए यह दिन बहुत खास होता है। उनके मन में उत्साह, जिज्ञासा और कुछ नया सीखने की इच्छा होती है। विद्यालय उन्हें न केवल किताबों का ज्ञान देता है बल्कि अनुशासन, नैतिकता सहयोग और जीवन जीने की कला भी सिखाता है।मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मैं सभी अभिभावकों से चाहूँगा कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें, क्योंकि आज की शिक्षा ही कल का सशक्त भारत बनाएगी। प्रवेश उत्सव के माध्यम से हम सभी यह संकल्प लें कि शिक्षा का दीप हर घर में जले और कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे। इस अवसर पर राज्य शिक्षा केंद्र से संयुक्त संचालक प्राचीश जैन भी उपस्थित रहे। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग शत्रुंजय प्रताप सिंह बिशेन ने कहा कि संदीपनी विद्यालय के माध्यम से अत्यधिक सर्व सुविधा युक्त शिक्षा प्रदान की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन कहां कि अच्छी से अच्छी शिक्षा देने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। इस अवसर पर प्राचार्य विनय दुबे ने स्वागत भाषण दिया। मंत्री श्री राजपूत के द्वारा मेधावी एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्रों को प्रमाण पत्र मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रचना तिवारी, आभार डॉक्टर गिरीश मिश्रा ने माना।
