
इटारसी। सोनासांवरी नाके के पास रहने वाली शिक्षिका श्रीमती शिवकुमारी पटेल अपने प्रयासों से पिछले 10 वर्षों से विभिन्न फलदार बीजों को एकत्रित कर उनसे सीड बॉल बनाने का कार्य कर रही हैं।
जिसमें अब उन्हें सामाजिक संस्थाओं एवं लोगों का सहयोग भी प्राप्त होने लगा है। पर्यावरण मित्र शिक्षिका श्रीमती शिवकुमारी पटेल ने गत वर्ष 5000 से अधिक सीड बॉल तैयार किए थे। उनका कहना है कि इस साल 20 हज़ार सीड बॉल तैयार करके उन्हें उचित स्थान पर रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
वे बताती हैं कि सोनासावरी नदी के किनारे से मिट्टी लाने का काम वे स्वयं करती हैं। बीज एकत्रित करने की उन्हें हमेशा से ही रुचि रही है। इसलिए बीज एकत्रित करने का कार्य वे साल भर जारी रखती हैं।
श्रीमती पटेल ने बताया कि उनके सीड बॉल बनाने की बात पता लगने पर उन्हें शहर के पर्यावरण प्रेमी लोगों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सहयोग बीज एकत्रित करने एवं उन्हें रोपने में प्राप्त होने लगा है। पहले जहां वे 100 से 200 सीड बॉल बना पाती थी। इस साल उनके पास आम, जामुन, रामफल, सीताफल, बील, बेर, लीची, चीकू, अनार, आंवला, अमरूद, अमलतास, गुलमोहर, पीपल, इमली, करंजी, नीम, मीठी नीम, मुनगा, कपास, अर्जुन, चक्रफूल, बबूल, अशोक, पारिजात, छींदा, पपीता, कदंब, मौसंबी के 1 लाख से अधिक बीज एकत्रित हो गए हैं जिसके 15 हजार सीड बॉल वे बना चुकी हैं। एक सप्ताह में और भी 5 हजार सीड बॉल वे बना लेंगी। इस पूरे अभियान में उन्हें पर्यावरण मित्र छाया शुक्ला, मनीषा सोनार, कमला चौहान,नंद किशोर, बृजमोहन सिंह सोलंकी, सौरभ दुबे, साइक्लिंग ब्रदर्स इटारसी ग्रुप का बीज एकत्रीकरण एवं रोपण में विशेष सहयोग मिला है।
