
छतरपुर। नगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सटई रोड से अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की कार्रवाई सामने आई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शुक्रवार को कट्टा और कारतूस के साथ आरोपी पुष्पेंद्र शर्मा को मौके से गिरफ्तार कर थाने ले जाकर आवश्यक कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना पुलिस को सटई रोड क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति के अवैध हथियार के साथ घूमने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक कट्टा और कारतूस बरामद किया गया।
इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने शुक्रवार दोपहर 2:00 बजे जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस द्वारा आरोपी से अवैध हथियार के स्रोत को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
