डिस्कोथेक में जमकर हंगामा, 5 युवक घायल

ग्वालियर: पड़ाव थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित मॉलीक्यूल बार एंड रेस्टोरेंट में बीती रात हंगामा हो गया। यहां पर पार्टी करने आये युवकों ने डिस्कोथेक में डांस कर रहीं लड़कियों पर अश्लील कमेंट्स किए। इतना ही नहीं, पास की टेबल पर बैठी युवतियों पर भी फब्तियां कसने लगे। युवतियों ने जब रेस्टोरेंट कर्मियों से शिकायत की तो स्टाफ ने युवकों को रोका, तो विवाद बढ़ गया।इसके बाद युवकों ने अपने तीन और साथियों को बुला लिया और बार में जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने बाउंसर और स्टाफ के साथ मारपीट की और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ कर दी। उपद्रव की सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास किया। लेकिन युवक उपद्रव करते रहे तो कई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को सम्हाला। हमले में बाउंसर समेत बार के पांच कर्मचारी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे बार में पांच युवक बीयर पी रहे थे। इसी दौरान नशे में उन्होंने पास की टेबल पर बैठी दो युवतियों पर अश्लील कमेंट्स और हरकतें शुरू कर दीं। परेशान होकर युवतियों ने स्टाफ से शिकायत की। इस पर बाउंसर सत्यम यादव और कर्मचारियों ने युवकों को समझाया और ठीक से व्यवहार करने की हिदायत दी। इससे युवक उल्टे स्टाफ से उलझ गए और जबरन डीजे पर चढ़ने लगे। उन्होंने डिस्कोथेक में डांस कर रहीं लड़कियों पर भी अश्लील कमेंट्स किए। स्टाफ ने दोबारा उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया। बाउंसर के टोकने से नाराज युवकों ने फोन कर अपने तीन और साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद उन्होंने मिलकर बाउंसर और कर्मचारियों पर लात-घूंसों और कांच की बोतलों से हमला कर दिया। आरोपियों ने रेस्टोरेंट की कुर्सियां, टेबल और सजावटी सामान भी तोड़ दिए। हंगामे के बीच ग्राहक जान बचाकर बाहर भागने लगे।

हमले में बाउंसर सत्यम यादव समेत गणेश तिवारी, शिवम तिवारी, नीलमणि कुमार और सचिन भदौरिया घायल हो गए। आरोपियों ने उनके सिर, चेहरे, पीठ और हाथों पर हमला किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट और तोड़फोड़ के बाद आरोपी स्टाफ को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने कहा, आज छोड़ रहे हैं, अगली बार रोका तो जान से मार देंगे। इसके बाद सभी आरोपी अपनी कारों में बैठकर भाग निकले। मैनेजर प्रियांशु सिंह की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस मामले में थाना प्रभारी पड़ाव शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि बीती रात कुछ युवकों ने मॉलीक्यूल बार एंड रेस्टोरेंट में हंगामा किया था। पुलिस ने आठ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और 4 युवकों को मौके से ही पकड़ा था। पुलिस रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जिससे आगे जांच की जायेगी।

Next Post

लापरवाह नगर निगम: शहर में लोगो को शिकार बना रहे आवारा गौवंश

Mon Nov 2 , 2026
रीवा: शहर में घूम रहे आवारा गौवंश लोगो की जान के लिये खतरा बन रहे है. आम राहगीर से लेकर दुकानदार तक इनकी धमाचौकड़ी से परेशान है. लेकिन जिम्मेदार नगर निगम की नींद नही टूट रही है. आवारा गौवंशों को पकडऩे में कोताही बरती जा रही है तो वही पशु […]

You May Like