जवान ने चलती ट्रेन में जहरीला पदार्थ निगलकर की आत्महत्या

जबलपुर: पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का आरोप लगाकर सेना के एक जवान ने चलती ट्रेन में जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। फौजी ने जहर का सेवन जबलपुर से ट्रेन में यात्रा के दौरान किया किया था. उसकी अंत्येष्टि शनिवार 23 मई को गृहग्राम गुरदासपुर में की गई.इससे पहले जवान ने फेसबुक पर लाइव आकर बताया कि उसकी पत्नी शादी के 2 महीने बाद ही अपने प्रेमी के साथ भाग गई। मृतक की पहचान गुरदासपुर में बटला के गांव छित के रहने वाले कंवलजीत सिंह (30) के रूप में हुई है। करीब 3 साल पहले वह सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में 17 सिख रेजिमेंट, जयपुर में तैनात थे। हाल ही में उन्हें अस्थायी नियुक्ति पर जबलपुर भेजा गया था।
बताया जाता है कि करीब 3 महीने पहले जवान की शादी हुई थी। शुक्रवार (22 मई) को जबलपुर में यात्रा के दौरान उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए और जहर खा लिया। शनिवार को जवान का अंतिम संस्कार किया गया।
शादी के दो महीने बाद प्रेमी संग भागी पत्नी
मृतक की मां सुरजीत कौर ने बताया कि उनके इकलौते बेटे कंवलजीत सिंह की शादी इसी साल फरवरी 2026 में सरबजीत कौर नाम की युवती से हुई थी। शादी के महज 2 महीने बाद ही सरबजीत कौर रात के करीब 3 बजे अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई। कंवलजीत ने इस मामले की शिकायत गुरदासपुर के थाना सदर थाना में भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
सुरजीत कौर ने बताया कि 22 मई को कंवलजीत की यूनिट से फोन आया, जिसमें बताया गया कि कंवलजीत ने सुसाइड कर लिया है। उसने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। मां ने अब पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक की बहन संदीप कौर ने भी अपनी भाभी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संदीप के अनुसार, उसका भाई अपनी पत्नी और ससुर की हरकतों से बेहद परेशान था। कंवलजीत ने कई बार अपने ससुर को फोन कर यह बताया था कि सरबजीत के किसी अन्य व्यक्ति के साथ गलत संबंध हैं, लेकिन लड़की के पिता ने इन बातों को अनसुना कर दिया।
जबलपुर में होगी कार्रवाई
इस पूरे मामले पर गुरदासपुर जिले के थाना सदर की चौकी शेखूपुर के एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कंवलजीत की शिकायत के आधार पर पहले ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि, खुदकुशी की यह घटना जबलपुर (मध्य प्रदेश) की सीमा में हुई है, इसलिए आगामी कानूनी और पुलिसिया कार्रवाई भी जबलपुर पुलिस की ओर से ही अमल में लाई जाएगी।

Next Post

एफपीआई ने मई में अब तक भारतीय पूंजी बाजार से निकाले 25,472 करोड़ रुपये

Sun May 24 , 2026
मुंबई, 24 मई (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने मई में अब तक भारतीय पूंजी बाजार से 25,472 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है। शुद्ध निकासी एफपीआई द्वारा बाजार में लगायी गयी पूंजी और बाजार से निकाली गयी पूंजी का अंतर है। एफपीआई का इक्विटी में निवेश मई में […]

You May Like