
सिंगरौली। पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के सनसनीखेज मामले में सासन चौकी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए पति अंगद प्रसाद कुशवाहा और उसकी दूसरी पत्नी संगीता शाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मृतका लीलावती कुशवाहा की हत्या गला दबाकर की गई थी।
पुलिस के अनुसार 2 सितंबर 2026 को अंगद प्रसाद कुशवाहा, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बसौड़ा, चौकी सासन, थाना बैढ़न, ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी लीलावती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैढ़न भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने लीलावती की मौत गला घोंटने से होना बताया। इसके बाद पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने आरोप लगाया कि लीलावती की हत्या उसके पति अंगद प्रसाद ने गला दबाकर की है और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। जांच में भी पुलिस को ऐसे महत्वपूर्ण तथ्य मिले, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई।
विवेचना के दौरान पूछताछ में सामने आया कि अंगद ने अपनी दूसरी पत्नी संगीता शाह के साथ मिलकर लीलावती की हत्या की योजना बनाई थी। 2 सितंबर की सुबह करीब 9.30 बजे योजनाबद्ध तरीके से लीलावती का गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पुराने घर में ले जाकर फांसी पर लटकाने का प्रयास किया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। प्रयास असफल होने पर शव जमीन पर लिटा दिया गया और अंगद ने शोर मचाकर घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 1154/2026, धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंघा एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उनि. बी.एल. बंसल के नेतृत्व में की गई। टीम में सउनि. विजय अग्निहोत्री, लेखचन्द्र डोहर सहित पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
