सीबीआई ने 3,750 करोड़ रुपये की एलआईसी धोखाधड़ी मामले में अनिल अंबनी की कंपनी के खिलाफ दर्ज किया मामला

नयी दिल्ली, 01 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिलायंस कम्युनिकेशंस, अनिल अंबानी और अन्य लोगों के खिलाफ़ एक और मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने बुधवार को बताया कि इन लोगों पर भारतीय जीवन बीमा (एलआईसी) को 3,750 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। यह प्राथमिकी एक अप्रैल को एलआईसी से मिली एक शिकायत के आधार पर दर्ज की गयी है। शिकायत में आपराधिक साज़िश, धोखाधड़ी, गबन और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए गये हैं।

सीबीआई के अनुसार, रिलायंस कम्युनिकेशंस और उसके प्रबंधन ने कंपनी की आर्थिक स्थिति, साथ ही दी गई सुरक्षा और एसेट कवर के बारे में गलत जानकारी देकर एलआईसी को कथित तौर पर 4,500 करोड़ रुपये के गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) खरीदने के लिए प्रेरित किया था। यह शिकायत बैंक ऑफ बडा़ैदा इंडिया एलएलपी द्वारा 2020 में की गई एक फोरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट पर आधारित है, जिसमें पाया गया कि रिलायंस कम्युनिकेशन्स और उसके प्रबंधन ने कथित तौर पर बैंकों और वित्तीय संस्थानों से जुटाए गए फंड का गलत इस्तेमाल किया। रिपोर्ट में सब्सिडियरी कंपनियों के ज़रिए फंड की रूटिंग, बिक्री इनवॉइस फाइनेंसिंग का गलत इस्तेमाल, नकली बिलों की डिस्काउंटिंग, और इंटर-कंपनी जमा और शेल-संबंधित संस्थाओं के ज़रिए फंड की व्यवस्थित हेराफेरी की भी बात कही गयी है।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि नकली देनदार और प्राप्तियों का निर्माण और उन्हें बट्टे खाते में डालना, साथ ही सिक्योरिटी का काफी ज़्यादा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना, जिससे चार्ज और मूल सम्पत्ति के बीच बेमेल स्थिति पैदा हो गयी। सीबीआई ने बताया कि उसने पहले भी रिलायंस कम्युनिकेशंस अनिल अंबानी और अन्य लोगों के खिलाफ बैंकों को कथित तौर पर धोखा देने के मामले में तीन मामले दर्ज किये थे। यह मौजूदा मामला विशेष रूप से एलआईसी से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले से संबंधित है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

Next Post

उपराष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति की पुस्तक का विमोचन किया, संसद की भित्ति चित्रों में दिखी भारत की सभ्यतागत यात्रा

Wed Apr 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 अप्रैल (वार्ता) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को यहां संसद परिसर के संविधान सदन में राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति द्वारा लिखित पुस्तक ‘टाइड्स ऑफ टाइम: भारत्स हिस्ट्री थ्रू म्यूरल्स इन पार्लियामेंट’ का विमोचन किया। श्री राधाकृष्णन ने पुस्तक की सराहना करते हुए अपने संबोधन में कहाकि इसमें […]

You May Like