इंदौर: शहर में चेन स्नैचिंग की वारदातों से दहशत फैलाने वाले एक शातिर बदमाश को अन्नपूर्णा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पर पहले से ही लूट, चोरी और मारपीट के एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं. पुलिस ने उसके एक साथी को भी पकड़कर महिला से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में उपयोग मोटरसाइकिल भी जब्त की है.पुलिस उपायुक्त जोन 4 आनंद कलादगी ने बताया कि चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अन्नपूर्णा थाना प्रभारी अजय कुमार नायर की टीम ने तुरंत कार्रवाई की है. घटना मंगलवार 13 जनवरी को सुदामा नगर निवासी अंजली बोराड़े अपनी बहन के साथ वैशाली नगर में पैदल जा रही थीं.
सेक्टर-सी की गली में मुड़ते ही बाइक सवार बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की. मुखबिर की सूचना पर आईटी पार्क सिंहासा पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी की. पुलिस को देखकर एक संदिग्ध पहाड़ी से भागने लगा, लेकिन फिसलकर गिर पड़ा. चोट लगने के बाद उसे पकड़ लिया.
पूछताछ में उसने अपना नाम निलेश मस्करा बताया और चेन स्नैचिंग की वारदात कबूल की और अपने साथी के शामिल होने की जानकारी दी. इसके बाद दूसरे आरोपी को ट्रेजर फेंटेसी इलाके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार मुख्य आरोपी निलेश मस्करा, खंडवा रोड क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और मारपीट के करीब एक दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं. दूसरा आरोपी उमेश सेन है, जो वारदात में सहयोगी था. दोनों आरोपियों के कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयोग की गई हॉर्नेट मोटरसाइकिल एमपी-09 वी-क्यू 5464 बरामद की है. आरोपी से जब्त माल की कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है. पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है.
