शासकीय स्कूल खुले, निजी एक हफ्ते बाद, लौटी स्कूलों में रौनक

जबलपुर: लंबे ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सोमवार से शासकीय स्कूल फिर से खुल गए हैं। शिक्षा के इन मंदिरों में विद्यार्थियों की चहल-पहल के साथ एक बार फिर से रौनक लौट आई है। सुबह से ही स्कूलों के बाहर बच्चों और अभिभावकों की भीड़ देखने को मिली, जिनमें नए शैक्षणिक सत्र को लेकर उत्साह और उत्सुकता साफ झलक रही थी। हालांकि, भीषण गर्मी के कारण कुछ निजी स्कूलों ने कक्षा 8 वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल खोलने की तिथि 23 जून तक बढ़ा दी है।

इन स्कूलों में कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक की कक्षाएं निर्धारित जारी रहेंगी। सभी स्कूलों में कई दिनों के सन्नाटे के बाद फिर से बच्चों की खिलखिलाहट और हंसी गूंज उठी है। पहले दिन छात्रों में अपने सहपाठियों और शिक्षकों से मिलने की खुशी साफ दिखाई दी। नए सत्र के साथ ही स्कूलों में पठन-पाठन का कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा।
बच्चे उत्सुक, शिक्षकों ने किया स्वागत
विद्यालयों में प्रवेश करते ही कुछ बच्चे जहां अपने दोस्तों के साथ खेलते नजर आए, वहीं कुछ नई कक्षाओं और नए पाठ्‌यक्रम को लेकर उत्सुक दिखे। स्कूल प्रबंधन ने भी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की थीं। साफ-सफाई के साथ-साथ कक्षाओं को व्यवस्थित किया गया था। शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक छात्रों का अभिनंदन किया और नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

अभिभावकों ने भी स्कूल खुलने पर खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि बच्चों के घर पर रहने से जहां उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, वहीं अब वे फिर से नियमित रूप से स्कूल जाकर अपनी शिक्षा जारी रख पाएंगे।

Next Post

मन पवित्र न हो तो शरीर को सजाने का कोई लाभ नहीं

Tue Jun 17 , 2025
भोपाल। अभिरुचि मंदिर में गणिनी आर्यिका विज्ञाश्री माताजी ससंघ सानिध्य में अभिषेक, जाप अनुष्ठान और आरती हुई। माताजी ने कहा, मन पवित्र न हो तो शरीर को सजाने का कोई लाभ नहीं। मंगल विहार मंगलवार को पद्मनाभ नगर, भोपाल के लिए होगा। कार्यक्रम में भक्तों ने श्रद्धा से भाग लिया। […]

You May Like

मनोरंजन