सोन नदी पुल पर सीमेंट से भरा कैप्सूल ट्रक पलटा, यातायात रहा बाधित

सीधी । जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में चुरहट से पहले स्थित सोन नदी पुल पर शुक्रवार दोपहर लगभग 3:30 बजे सीधी की ओर जा रहा सीमेंट से लदा कैप्सूल ट्रक क्रमांक एमपी 19 जेडएल 6401 चालक के नियंत्रण खो देने के कारण अनियंत्रित होकर पुल पर पलट गया। हादसे के बाद पुल पर यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पलटने से पहले लगभग 10 मीटर तक पुल की रेलिंग से टकराते हुए घिसटता रहा। चालक द्वारा ब्रेक लगाए जाने के बाद वाहन सड़क के बीचों-बीच फंस गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि ट्रक का पिछला हिस्सा पुल के एक ओर हवा में झूलता हुआ दिखाई दिया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना प्रभारी एवं मोहनिया चौकी प्रभारी अपनी डायल-112 टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल चालक और खलासी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही चुरहट तहसीलदार साक्षी गौतम, पटवारी विनोद तथा राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा ट्रक मालिक को दुर्घटना की सूचना दी गई। हादसे के बाद पुल पर भारी भीड़ जमा हो गई, वहीं यातायात का दबाव बढ़ने से आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जेसीबी मशीन की सहायता से पलटे हुए ट्रक को हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जिसके बाद मार्ग को पूरी तरह सुचारु किया जाएगा। पुलिस बल देर शाम तक मौके पर तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Next Post

बकरे की जगह अन्य मांस देने के आरोप के बाद तनाव, सैंपल जांच के लिए सागर-जबलपुर लैब भेजे गए

Sat May 30 , 2026
दमोह। कोतवाली थाना क्षेत्र के धर्मपुरा में रहने वाले एक युवक लकी रोहित ने गोलू कुरैशी नामक युवक पर बकरे के मांस की जगह है गाय का मांस देने का आरोप लगाया है. इस बात की जानकारी हिंदू संगठन के लोगों को दी, जिसके बाद संगठन के लोग बड़ी संख्या […]

You May Like