
सरई । नगर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम यातायात योग्य बनाने की दिशा में आज शुक्रवार को प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ सरई बाजार की सड़कों पर उतरा। वर्षों से बाजार क्षेत्र में पनप रही अव्यवस्था और बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अधिकारियों ने व्यापारियों, ऑटो चालकों एवं बस संचालकों को अंतिम चेतावनी देते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देवसर एसडीएम गौरव मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर धर्म प्रकाश मिश्रा, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह उईके तथा नगर परिषद सरई के सीएमओ के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण की नाप-जोख कर दुकानदारों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि वे नगर परिषद द्वारा निर्धारित एवं चिन्हित सीमा के भीतर ही अपनी दुकानें संचालित करें। निर्धारित सीमा से बाहर अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान ऑटो चालकों को बाजार क्षेत्र में वाहन खड़ा न करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग करने के निर्देश दिए गए। वहीं बस संचालकों को बस स्टैंड परिसर में ही बसे खड़ी करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि नगरहित और आमजन की सुविधा के लिए चलाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों से संवाद स्थापित करते हुए सहयोग की अपील की और कहा कि अनुशासन एवं सहभागिता से ही बाजार की गरिमा और व्यवस्था बनी रह सकती है। प्रशासन की इस पहल से सरई बाजार में सुचारु यातायात एवं बेहतर व्यवस्था की उम्मीद जगी है। इस दौरान पटवारी दिनेश गुप्ता, आकाश द्विवेदी, सौरभ तिवारी, नगर परिषद के संजय साकेत, विजय जायसवाल, भगोले साकेत सहायक उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह, प्रकाश नारायण, संतोषी सिंह, कमलेश प्रजापति, आर शिवम पाटकार एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
