सतना: कोटर थाना क्षेत्र के गजिगवां में हुए घटनाक्रम पर पुलिस ने दोनों पक्षों पर अपराध दर्ज कर लिया है। शनिवार को सीन ऑफ क्राइम यूनिट से फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल पंहुची।यहां बता दें कि गजिगंवा गांव में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान एक पक्ष ने बंदूक चलाकर दूसरे पक्ष के एक युवक को जख्मी कर दिया था।
हासिल जानकारी के मुताबिक, बंदूक से निकली गोली शिवम पिता विजयभान सिंह (25) के पेट में लगी है। उनका उपचार रीवा में हो रहा है। सरपंच के पति कृष्ण कुमार सिंह पिता गोकरण सिंह पर शिवम को गोली मारने का आरोप है। कहते हैं कि घायल एवं आरोपी, दोनों एक परिवार के हैं। जमीन जायदाद को लेकर इनके बीच पुराना झगड़ा है। शुक्रवार की रात दोनों पक्ष के बीच कहासुनी हुई, कुछ देर में मारपीट होने लगी, इसी बीच कृष्ण कुमार ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी।
मालूम हुआ है कि विवाद में कृष्ण कुमार सिंह को भी चोट आई है। इनका भी इलाज हो रहा है। दोनों पक्ष के बीच हुए विवाद के बाद मोहल्ला, परिवार और गांव में तनाव का माहौल न रहे, इसके लिए कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा पीडि़तों के बीच बने रहे। पुलिस की मौजूदगी में एफएसएल टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पंहुची।शुरुआती पड़ताल में पुलिस के हाथ क्या लगा है, इसका खुलासा तो नहीं हुआ है लेकिन ऐसी जानकारी मिली है कि पुलिस जब्त बंदूक और गोली के खाली खोखे को जांच के लिए लैब भेजेगी।
जांच में पता किया जाएगा कि गोली वास्तव में लाइसेंसी बंदूक से चली है या घटना में किसी और हथियार का इस्तेमाल हुआ है। फिलहाल तो पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। सूत्र बताते हैं कि दो पक्षों के बीच हुए इस विवाद में एक तरफ से शिवम सिंह तो दूसरी तरफ से कृष्ण कुमार सहित इनकी पत्नी सविता, मां बुट्टन एवं धीर सिंह पिता रामनिवास सिंह का नाम पुलिस के सामने आया है। चर्चा है कि आरोपी कृष्ण कुमार सिंह एक जनप्रतिनिधि के करीबी हैं।
