भोपाल में आज से महंगी हुई जमीन: 740 लोकेशन पर बढ़ी दरें, 3 अप्रैल से रजिस्ट्री के लिए ढीली करनी होगी जेब

भोपाल: राजधानी में आज बुधवार से संपत्तियों की नई दरें लागू हो गई हैं, यह दरे केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड के द्वारा पारित की गई है. जो शहर की 740 लोकेशन पर बढ़ जाएंगी. जिसके बाद 3 अप्रैल से शहर में रजिस्ट्री करवाना भी महंगा हो जाएगा. एक अप्रैल से नई दरों के लागू होने से पहले मंगलवार को भी पंजीयन कार्यालय पर खासी भीड़ देखी गई. दिन भर रजिस्ट्रियों का दौर चलता रहा. मंगलवार को लगभग एक हजार से अधिक रजिस्ट्रियां हुई है. बुधावार से दो दिनों तक अवकाश रहेगा. उसके बाद 3 अप्रैल से शहर के तीनों पंजीयन कार्यालय के दफ्तर पुन: खोल दिए जाएंगे और रजिस्ट्री करवाना
भी महंगा हो जाएगा। शहर में इस बार भी जमीन के दामों में औसतन 12 फीसदी की बढ़ोत्तरी की जा रही है। जबकि पिछली बार 11 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई थी। शहर की 740 लोकेशन पर जमीन के दाम 181 फीसदी से लेकर 57 फीसदी तक बढ़ रहे हैं। पिछली बार जहां कलेक्टर गाइड लाइन में 2881 लोकेशन थीं। वहीं इस बार 706 लोकेशन को अन्य लोकेशन में समाहित कर 2175 कर दिया गया है। इसके बाद 740 लोकेशन पर दाम बढ़ा दिए गए हैं। पिछली बार 1312 स्थानों पर औसतन 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई थी। बढ़ाए गए दामों का असर इन लोकेशन के अलावा शहर में सभी जगह दिखाई देगा। नई गाइड लाइन लागू होने के बाद शहर में सभी स्थानों पर जमीन के दामों बाजार में बढ़ेंगे, जिससे आम लोगों के लिए शहर के अंदर घर बनाना महंगा पड़ेगा।
नई ड्राफ्ट गाइडलाइन के अनुसार वार्ड 3 से वार्ड 5, 10 में किसी भी तरह की बड़ी बढ़ोत्तरी देखने को नहीं मिली है। जबकि वार्ड 1, 2, 6, 7, 8, 9, 11 से 13 में बढ़त देखने को मिल रही है। बता दें कि यहां हाल ही में पीडब्ल्यूडी ने सीसी रोड सडकों के काम सहित अन्य विकास कार्य शुरू किए हैं। जल्दी ही इस क्षेत्र में लोगों को मेट्रो की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा वार्ड 52 से 56 तक कई जगहों पर दाम में बढ़ोत्तरी देखी गई है।
शहर की इन लोकेशन पर बढ़ा दिए गए हैं जमीनों के दाम :
नई गाइड लाइन के लागू होते ही बुधवार से शहर में इन मुख्य लोकेशन पर जमीन के दाम बढ़ जाएंगे। दाम बढऩे के बाद इन क्षेत्रों में नई कलेक्टर गाइड लाइन या इससे अधिक दाम पर ही रजिस्ट्री कराई जा सकेगी। इससे कम दाम पर रजिस्ट्री नहीं होगी। इससे लोगों के लिए रजिस्ट्री करवाना भी महंगा होगा. शहर में सबसे ज्यादा प्रॉपर्टी के दामों में बढ़ोत्तरी निर्मल सिटी, निशातपुरा रोड, मुर्गी बाजार, समर ग्रीन कालोनी में हुई है। यहां दामों में 181 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है।
यशोदा नगर, भोपाल टाकीज से सेफिया रोड, मालीपुरा, माया विहार, पाल विहार, रेत घाट से वीआईपी रोड, कबाडख़ाना, गौतम नगर, पंचशील नगर, न्यू मार्केट, रोशनपुरा, सेवनिया गौंड, चौकी बरखेड़ी, एयरोसिटी परिसर, बेहटा, दामखेड़ा, कोलार रोड, बंजारी, अकबरपुर, बावडिय़ाकलां, मिसरोद, एयरपोर्ट, अयोध्या बायपास इलाकों में प्रॉपर्टी की दरें पांच से 100 प्रतिशत तक बढ़ाई गई हैं। इस बार हाउसिंग प्रोजेक्ट 13 से 57 तक महंगे हो गए हैं, जबकि बीडीए के प्रोजेक्ट में छह से पंद्रह प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।
ढेड़ लाख रुपए वर्ग मीटर तक हुई कीमत
वित्तीय वर्ष (2026-27) में नई दरें लागू हो रही है जिनमें एयरोसिटी राजा भोज परियोजना में 30 से 33 हजार रुपए, बागलामुखी नगर 26हजार नौ सौ से 40हजार चार सौ रुपए, निर्मल सिटी में 18 हजार से 27 हजार रुपए, लालघाटी चौराहे से एयरपोर्ट तिराहे तक 40 से 60 हजार रुपए, पंचशाील नगर में 15 से 20 हजार रुपए न्यू मार्केट में 90 हजार से 135 हजार रुपए, भोपाल टाकीज पुराना सेफिया 72 से 110 हजार रुपए, राजभवन से रोशन पुरा 150 हजार रुपए वर्ग मीटर हो जाएगी.
गाइड लाइन के 4 दावे आपत्तियों को किया मान्य
नई गाइड लाइन लागू होने से पहले जिला मूल्यांकन समिति के पास 63 दावे आपत्तियां आई थी , जिसमें से केवल 4 को ही मान्य किया गया. 34 सुझावों को आंशिक रूप से मान्य और 22 सुझावों को अमान्य कर प्रस्ताव केंद्रीय मूल्यांकन समिति के पास भेजा गया था. जिसे बोर्ड द्वारा पिछले गुरुवार को पास किया गया था और जमीन की दरों में बढ़ोत्तरी कर दी गई थी

Next Post

फ्लैट बिक्री के नाम पर 35 लाख की ठगी के मामले में महिला आरोपी गिरफ्तार

Wed Apr 1 , 2026
इंदौर: फ्लैट विक्रय और रजिस्ट्री के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह की तीसरी सदस्य को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. आरोपिया सायरा जबकि इस मामले में पहले ही दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं.क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक फरियादी फैसल अहमद की शिकायत पर […]

You May Like