नेहरिया खदान में हादसा: आराम कर रहे ओवरमेन पर गिरा सीलिंग फैन, हालत गंभीर

परासिया। वेकोलि पेंच क्षेत्र की नेहरिया भूमिगत खदान में रविवार को एक गंभीर हादसा हो गया। खदान पिट में आराम कर रहे ओवरमेन के ऊपर अचानक सीलिंग फैन गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल बड़कुही के केंद्रीय चिकित्सालय रेफर किया गया है।

खान प्रबंधक शशिकांत साहू के अनुसार, घायल ओवरमेन जितेंद्र प्रजापति खदान पिट में बैठे हुए थे, तभी छत पर लगा सीलिंग फैन अचानक गिरकर उनके सिर पर आ गिरा। हादसे में उनके सिर और आंख में गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

इस घटना ने नेहरिया खदान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को पैड हॉलिडे होने के बावजूद ओवरमेन और माइनिंग सरदार की ड्यूटी इस शर्त पर लगाई जाती है कि वे कार्यस्थल पर पूरी तरह मुस्तैद रहें। इसके विपरीत घटना के समय ओवरमेन का खदान पिट में आराम करना लापरवाही को दर्शाता है।

घटना ने खदान में सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। यह भी उल्लेखनीय है कि हाल ही में नेहरिया खदान गैस रिसाव की घटनाओं को लेकर भी चर्चा में रही है, जिससे सुरक्षा इंतजामों पर पहले से ही सवाल उठ रहे थे।

Next Post

जीआईज़ेड के अधिकारियों ने देखी शाहगढ़ में प्राकृतिक खेती

Sun Apr 26 , 2026
सागर। इंडो-जर्मन द्विपक्षीय तकनीकी सहयोग के अंतर्गत संचालित परियोजना “भारत में कृषि-पारिस्थितिक परिवर्तन प्रक्रियाओं हेतु समर्थन” के तहत जीआईज़ेड (GIZ) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर हैंस क्लेन एवं मध्यप्रदेश प्रभारी टीम ने सागर जिले में 2 दिवस के प्रवास पर सागर जिले के विकासखंड शाहगढ़ में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से […]

You May Like