इंदौर: शहर में अवैध कॉलोनियां काटने वालों पर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है. सिरपुर, कैलोद करताल और रेवती रेंज समेत कई इलाकों में चिन्हित कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्रकरण तैयार कर संबंधित थानों को भेज दिए हैं. पुलिस द्वारा इसी सप्ताह इन मामलों में एफआईआर दर्ज होने की संभावना है.हाल ही में सिरपुर तालाब के कैचमेंट एरिया और आसपास अवैध प्लॉटिंग व निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई थी.
रिमूवल टीम ने मौके पर पहुंचकर कई निर्माण ध्वस्त किए थे और जमीन पर निगम स्वामित्व के बोर्ड भी लगाए गए, ताकि आम लोग भ्रमित होकर प्लॉट न खरीदें. इसी कार्रवाई के तहत रेवती रेंज, कैलोद करताल और तेजाजी नगर क्षेत्र में भी अवैध कॉलोनियों की जांच की गई. जांच में सामने आया कि कई कॉलोनाइजरों ने सरकारी जमीन और कांकड़ क्षेत्र में प्लॉट काट दिए. ऐसे करीब 12 कॉलोनाइजरों की पहचान कर उनके खिलाफ विस्तृत प्रकरण तैयार किए हैं.
निगम ने इन सभी मामलों को संबंधित थानों को भेजते हुए एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस को सभी जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य उपलब्ध करा दिए हैं. गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर निगम 7 कॉलोनाइजरों के खिलाफ बाणगंगा, भंवरकुआं और चंदननगर थानों में केस दर्ज करा चुका है. अब नए मामलों में भी जल्द कानूनी कार्रवाई शुरू होने की तैयारी है.
एफआईआर के लिए पुलिस को लिखाः पाठक
कॉलोनी सेल प्रभारी अपर आयुक्त मनोज पाठक ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों को लेकर भवन अधिकारियो ने प्रतिवेदन दिया है. कॉलोनाइजर के खिलाफ संबंधित थानों को एफआईआर करने पत्र जारी किए है. एफआईआर की कार्रवाई पुलिस करेगी.
