भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार अपना जन्मदिन किसी निजी आयोजन से नहीं बल्कि जन-सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाने जा रहे हैं। बुधवार को वे प्रदेश के धार जिले में रहेंगे और यहां से पूरे देश को स्वास्थ्य और पोषण का बड़ा संदेश देंगे।
कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान और ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ की शुरुआत करेंगे। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, किशोरियों की देखभाल और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं के लिए योग, आयुर्वेद और जीवनशैली संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्क्रीनिंग, इलाज और टीकाकरण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसी के साथ 8वें राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत भी यहीं से होगी। पोषण शिविरों के जरिए महिलाओं और बच्चों में एनीमिया, खून की कमी और सिकल सेल जैसी बीमारियों की जांच और इलाज किया जाएगा।
धार के भैंसोला में पीएम मोदी देश के पहले पीएम मित्र पार्क की आधारशिला भी रखेंगे, जो वस्त्र उद्योग को नई दिशा देगा और हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएगा। प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे इंदौर पहुंचेंगे और उसके बाद सीधे धार जिले के भैंसोला कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
