मुंबई, 21 अगस्त (वार्ता) आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों में लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक लगातार छठे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुये।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 142.87 अंक (0.17 प्रतिशत) की तेजी के साथ 82,000.71 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 33.20 अंक यानी 0.13 फीसदी ऊपर 25,083.75 अंक पर पहुंच गया। दोनों सूचकांक फिलहाल चार सप्ताह के उच्चतम स्तर पर हैं।
विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच कुल मिलाकार बाजार की धारणा आज कमजोर रही मझौली और छोटी कंपनियों से निवेशकों ने पैसे निकाले।
सेंसेक्स 362.62 अंक की बढ़त में 82,220.46 अंक पर खुला और एक समय 82,231.17 अंक तक पहुंच गया था। लेकिन बाद में अचानक यह 200 अंक से ज्यादा की तेजी गंवाता हुआ 82,000 अंक पर बंद हुआ। इसका दिवस का निचला स्तर 81,921.22 अंक रहा।
निफ्टी-50 सूचकांक 91.45 अंक चढ़कर 25,142 अंक पर खुला। यह नीचे 25,054.90 अंक और ऊपर 25,153.65 अंक तक गया।
निफ्टी-100 सूचकांक में भी 0.06 प्रतिशत की तेजी रही। मझौली और छोटी कंपनियों में हालांकि बिकवाली से निफ्टी मिडकैप-50 में 0.46 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 में 0.01 प्रतिशत की गिरावट रही। एनएसई में कुल 3,068 कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार हुआ, जिनमें 1,503 में तेजी रही, जबकि 1,475 के शेयर फिसल गये। वहीं, 90 कंपनियों के शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
निजी बैंक के साथ आईटी, रियलिटी, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों के सूचकांक बढ़त में रहे, जबकि एफएमसीजी, ऑटो, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और सरकारी बैंक जैसे सेक्टरों में गिरावट रही।
सेंसेक्स की 30 में से 16 कंपनियों के शेयर टूट गये। बजाज फिनसर्व का शेयर सबसे अधिक 1.12 प्रतिशत चढ़ा। आईसीआईसीआई बैंक में 1.09 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 0.90, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.86 और एलएंडटी में 0.76 फीसदी की तेजी रही। बीईएल, मारुति सुजुकी, सनफार्मा, भारती एयरटेल, टीसीएस और एचडीएफसी बैंक भी बढ़त में रहे।
पावर ग्रिड में 1.51 फीसदी, इटरनल में 1.47 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.08 प्रतिशत और अडानी पोर्ट्स में 0.95 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक और आईटीसी के शेयर भी फिसल गये।
विदेशों में अधिकतर प्रमुख शेयर बाजारों में बिकवाली हावी रही। जापान का निक्केई 0.65 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.24 प्रतिशत टूट गया, जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.13 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.31 फीसदी और जर्मनी का डैक्स 0.24 फीसदी नीचे कारोबार कर रहे थे।

