इदौर: पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल अंतर्गत इंदौर- दाहोद नई रेल लाइन परियोजना में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसी क्रम में टीही धार रेलखंड पर ओवरहेड इलेक्टि्रफिकेशन लाइन में 1 अप्रैल 2026 से 2.2 केवी वोल्टेज के साथ चार्जिंग शुरू करने का निर्णय लिया गया है.हाल ही में पीथमपुर से धार के बीच टॉवर वैगन के माध्यम से सफल ट्रायल किया गया था, जिसमें ट्रैक की क्षमता का परीक्षण किया गया। ट्रायल सफल रहने के बाद अब इस सेक्शन में विद्युतीकरण कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है.
चोरी रोकने के लिए नई पहल
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, ओएचई लाइन में 2.2 केवी चार्जिंग की यह व्यवस्था सुरक्षा और एंटी-थेफ्ट उपायों को मजबूत करने के लिए लागू की जा रही है. इससे रेलवे संपत्ति की चोरी और अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा.
कर्मचारियों को सख्त निर्देश
रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यरत एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि ओएचई लाइन के आसपास कार्य करते समय पूरी सावधानी बरती जाए. बिना अनुमति और सुरक्षा उपकरणों के किसी भी प्रकार का कार्य प्रतिबंधित रहेगा. किसी भी तरह की लापरवाही की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी.
आम जनता के लिए चेतावनी
रेलवे ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे विद्युतीकरण क्षेत्र से दूर रहें और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें. ओएचई लाइन में करंट प्रवाहित होने से इसके संपर्क में आने पर गंभीर दुर्घटना का खतरा बना रहेगा
