गुना:बढ़ती गर्मी और चढ़ते पारे के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुँचाने के लिए गुना पुलिस ने एक सराहनीय और मानवीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के विशेष निर्देशन में जिले के प्रमुख पुलिस कार्यालयों और परिसर में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था शुरू की गई है। इस मुहिम का उद्देश्य भीषण ग्रीष्मकाल में प्यास से व्याकुल पक्षियों का संरक्षण करना और समाज में जीवदया का संदेश प्रसारित करना है। शुक्रवार को इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर, पुलिस कंट्रोल रूम और पुलिस लाइन गुना के विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के सकोरे (बर्तन) रखे गए।
पेड़ों की छांव और सुरक्षित ऊंचाइयों पर रखे गए इन सकोरों में शुद्ध जल भरा गया है, ताकि चिलचिलाती धूप में पक्षियों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके। इस पुनीत कार्य में केवल पुलिस बल ही नहीं, बल्कि वन विभाग के स्टाफ ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन और कंट्रोल रूम के कर्मचारियों ने इस मानवीय कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए पानी का प्रबंध करना एक छोटी लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण सेवा है। यह जीवों के प्रति हमारी संवेदनशीलता और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को प्रकट करता है।
