नयी दिल्ली 25 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डा़ जितेन्द्र सिंह ने एक्सिओम 4 मिशन के सफल प्रक्षेपण को ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा है कि यह देश के विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में बड़ी छलांग है।
डा़ सिंह ने बुधवार को यहां अनुसंधान भवन के भटनागर ऑडिटोरियम में प्रक्षेपण कार्यक्रम की विशेष लाइव स्क्रीनिंग के दौरान मिशन पर गये भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और अन्य तीन अंतरिक्ष यात्रियों को शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा, “ यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है, एक्सिओम-4 मिशन का प्रक्षेपण देश के विकसित भारत बनने की यात्रा में एक बड़ी छलांग है।”
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मिशन पायलट के रूप में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जाने वाले चार सदस्यीय अंतर्राष्ट्रीय दल का हिस्सा हैं।
डॉ. सिंह ने कहा,“यह भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के संस्थापक डॉ. विक्रम साराभाई और सतीश धवन के सपने का साकार होना है जो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है।”
केन्द्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के साहसिक सुधारों को दिया, जिसने भारत को अंतरिक्ष अन्वेषण में एक समान और सम्मानित वैश्विक भागीदार की पहचान दिलायी है।
इस मिशन में भारत के योगदान पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुक्ला स्वदेशी रूप से विकसित प्रयोग किट ले जा रहे हैं जिन्हें भारत के प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी संस्थानों ने बनाया है।
