
सागर। सामूहिक विवाह विवेकपूर्ण समाज की पहचान है और समय की आवश्यकता है। इस सफल आयोजन के बाद क्षत्रिय महासभा अगले वर्ष के अक्षय तृतीया पर्व पर समाज की 101 कन्याओं का विवाह समारोह आयोजित करेगा। यह उद्गार पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अक्षय तृतीया के पर्व पर रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में क्षत्रिय महासभा जिला सागर द्वारा आयोजित कन्या विवाह समारोह-2026 में अपने संबोधन में व्यक्त किए। क्षत्रिय समाज में इस तरह के इस पहले आयोजन में समाज की 18 कन्याओं का भव्य व्यवस्थाओं के साथ विवाह संपन्न हुआ। क्षत्रिय समाज के वरिष्ठ संरक्षक पूर्व गृह मंत्री एवं खुरई विधायक श्री सिंह ने परिवार सहित वर-वधु के पैर पाखरे क्षत्रिय महासभा की ओर से वरिष्ठ जनों ने सभी कन्याओं को 1 लाख 1 हजार की नगद राशि और अन्य उपहार सामग्रियां भेंट कीं।
पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह ने कहा कि कन्या घर की लक्ष्मी और कुल का गौरव है। कन्यादान केवल एक रस्म नहीं, बल्कि माता-पिता द्वारा किया गया दुनिया का सबसे बड़ा त्याग है। वेदों में स्त्री यज्ञीय है अर्थात् यज्ञ समान पूजनीय हैं और कन्या का विवाह हजारों यज्ञ के समान माना गया है।
पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह ने कहा कि अगले वर्ष अक्षय तृतीया पर्व पर ही क्षत्रिय महासभा जिला सागर के अगले कन्या विवाह समारोह-2027 की घोषणा करते हुए कहा है कि अगले वर्ष क्षत्रिय समाज की 101 कन्याओं का और भी भव्य और बड़े आयोजन के साथ विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।क्षत्रिय समाज में सामूहिक विवाह की नई पहल हुई,अगली अक्षय तृतीया को समाज की 101 कन्याओं के विवाह का संकल्प लिया
