
बाग, थाना बाग क्षेत्र से लापता हुई पीड़िता को बाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर पुलिस की मदद से मुंबई महाराष्ट्र के तिलक नगर क्षेत्र से आरोपी के कब्जे से दस्तयाब कर लिया। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कुक्षी के समक्ष पेश किया गया।
घटना दिनांक 17.08.2026 को पीड़िता अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। पीड़िता के परिजनों की रिपोर्ट पर थाना बाग में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पीड़िता एवं अज्ञात आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई।
तलाश के दौरान साइबर पुलिस की तकनीकी सहायता से पीड़िता के मुंबई, महाराष्ट्र में होने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुक्षी श्री सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में पीड़िता की दस्तयाबी एवं आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए दिनांक 19.08.2026 को मुंबई महाराष्ट्र के तिलक नगर क्षेत्र से पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सकुशल दस्तयाब किया गया।
प्रकरण में आरोपी सुशील पिता कुलदीप राजभर, उम्र 24 वर्ष, निवासी गोमकोठी, तहसील फूलपुर, जिला आजमगढ़, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कुक्षी के समक्ष पेश किया गया।
उल्लेखनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बाग निरीक्षक हीरू रावत, चौकी प्रभारी डेहरी उप निरीक्षक भूपेंद्र खरतिया, सहायक उप निरीक्षण गोरे लाल शुक्ला, आरक्षक प्रीतम एवं थाना/चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बाग पुलिस द्वारा पीड़ितों की सुरक्षा एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
