सिंगरौली: जिले के मोरवा थाने में नए थाना प्रभारी के रूप में डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने पदभार ग्रहण कर लिया है। कल पूर्व थाना प्रभारी निरीक्षक कपूर त्रिपाठी के स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने देर रात यह जिम्मेदारी डॉ. सिंह को सौंपी।डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे मोरवा थाने पहुंचे और आमद दर्ज कराई। इसके बाद सुबह उन्होंने औड़ी स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तत्पश्चात मोरवा थाने पहुँचकर पुलिस अधिकारियों व कर्मियों से औपचारिक परिचय किया।
संयोगवश रामनवमी के दिन उन्होंने विधिवत रूप से कार्यभार संभालते हुए क्षेत्र में निकलने वाले जुलूस की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि मोरवा क्षेत्र में हाल ही में हुए पवन साहू हत्याकांड के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि करीब 25 वर्षों की सेवा अवधि में डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने 10 जिलों में अपनी सेवाएं दी हैं। सिंगरौली जिले में भी वे नवानगर, सरई और जियावान थानों का सफलतापूर्वक प्रभार संभाल चुके हैं। उनके अनुभव को देखते हुए पुलिस विभाग को उनसे बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद है।
