विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा दिखाने उतरेंगे 100 पेरिस पैरा ओलंपिक मेडलिस्ट

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) इंडियनऑयल विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में 104 देशों के 2,200 से ज्यादा एथलीट्स 186 पदक स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा पैरा खेल आयोजन होगा।
इस चैंपियनशिप का आयोजन 27 सितंबर से पांच अक्टूबर तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। चैंपियनशिप में रोमांचक मुकाबले, कड़ी टक्कर और यादगार प्रदर्शन देखने को मिलेंगे, क्योंकि पेरिस पैरालंपिक में 308 पदक जीतने वाले कुल 100 पदक विजेता पैरा एथलेटिक्स मंच पर अपनी क्षमता का परीक्षण करने के लिए वापस आएंगे।
इस बार प्रतियोगिता में कुल 186 पदक स्पर्धाएं होंगी, जो कि पिछली बार कोबे में हुए आयोजन से 15 अधिक हैं। इनमें 101 स्पर्धाएं पुरुषों के लिए, 84 महिलाओं के लिए और एक मिश्रित स्पर्धा होगी।
जर्मनी के मार्कस रेहम, जो पुरुषों की लंबी कूद टी64 में चार बार के पैरा ओलंपिक चैंपियन और सात बार के विश्व चैंपियन हैं। उन्हें ब्लेड जम्पर कहा जाता है। रेहम के नाम ऐसा विश्व रिकॉर्ड है, जो इस सदी के सभी ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं की छलांग से भी आगे है।
भारत का गर्व, सुमित अंतिल, जो दो बार के पैरा ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और पुरुषों की जेवलिन थ्रो एफ64 श्रेणी में मौजूदा वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियन हैं। वह एक बार फिर घरेलू दर्शकों को अपने शानदार प्रदर्शन से मंत्रमुग्ध करने के लिए तैयार हैं।
स्विट्जरलैंड की कैथरीन डेब्रूनर, जिन्होंने पेरिस पैरा ओलंपिक में छह स्पर्धाओं में पांच स्वर्ण और एक रजत जीतकर सुर्खियां बटोरीं, नई दिल्ली में पांच रेसों में हिस्सा लेंगी।
पैरा ओलंपियन प्रवीन कुमार, जो पुरुषों की हाई जंप टी-64 में खेलते हैं, अपनी पदक सूची को पूरा करने के लिए भारत में होने वाली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने को उत्सुक हैं।
अन्य सितारों में शामिल हैं ब्राज़ील के पेट्रुसियो फरेरा, जिन्हें दुनिया का सबसे तेज पैरा ओलंपियन माना जाता है। वे पुरुषों की 100 मीटर टी47 दौड़ में अपना लगातार पांचवां विश्व खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। भारत की ध्वजवाहक प्रीति पाल, जिन्होंने पेरिस 2024 में दो कांस्य पदक जीते और कोबे में भी शानदार प्रदर्शन किया, इस बार भी सबका ध्यान आकर्षित करेंगी।
ऑस्ट्रेलिया की वेनेसा लो, जिन्होंने पेरिस में लंबी कूद टी63 में स्वर्ण पदक जीता था, अब एक बार फिर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के परिचित मैदान पर उतरेंगी और श्रेष्ठ खिलाड़ियों की सूची में अपनी अगुवाई जारी रखेंगी। सफिया जेजल, जेसी ज़ेस्सेउ और नसीमा सैफी जैसे अन्य ओलंपिक पदक विजेता भी इस आयोजन में सितारों की चमक बढ़ाएंगे। मौजूदा दिग्गज खिलाड़ियों के अलावा, यह चैंपियनशिप नए उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी मंच देगी, जो अपनी पहचान बनाने के लिए उत्सुक हैं। यही कारण है कि यह आयोजन दुनिया भर के खेल प्रेमियों के लिए बिल्कुल भी मिस न करने वाला होगा।

Next Post

सेंट्रल जोन के यश राठौड़ दोहरे शतक से चूके, आर स्मरण और रिकी भुई ने साउथ जोन को संभाला

Sat Sep 13 , 2025
बेंगलुरु 13 सितंबर (वार्ता) आर स्मरण (नाबाद 37) और रिकी भुई (नाबाद 26) की जुझारू पारियों के दम पर साउथ जोन ने दलीप ट्राफी के फाइनल मुकाबले के तीसरे दिन शनिवार को दो विकेट पर 129 रन बना लिये है। हालांकि वह अभी सेंट्रल जोन के पहली पारी में बनाये […]

You May Like