8 लाख नगद, जेर लूट-परिवार पर हमला मामले में डकैती, हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज

जबलपुर: बेलखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम गुबराकला में मंगलवार को एक परिवार पर हमलावरों ने कहर बरपाया। स्कॉर्पियो से कट मारने के मामूली विवाद पर एक घर में घुसकर न केवल बुजुर्गों और महिलाओं को बेरहमी से पीटा, बल्कि सात से आठ लाखों नकदी, जेवर लूटकर फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने डकैती समेत अन्य धाराओं के तहत सरपंच पति पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

जानकारी अनुसार गुबराकला में कल सुबह करीब 9 बजे फरियादी अनुभव बहुनिया (23) अपनी बाइक से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के सरपंच पति इंद्रकुमार का पुत्र ऋषिकांत चौधरी ने अपनी स्कॉर्पियो से अनुभव को तेजी से ओवरटेक करते हुए खतरनाक कट मारा। अनुभव ने जब ऋषिकांत को टोकते हुए कहा कि थोड़ा संभलने का समय दो, तो दबंगई दिखाते हुए ऋषिकांत ने उसे देख लेने की धमकी दी और वहां से निकल गया।
घर में घुसकर 12 हमलावरों ने मचाया उपद्रव, परिवार पर टूट पड़े
धमकी के ठीक दो घंटे बाद, सुबह 11 बजे आरोपी ऋषिकांत अपने पिता इंद्रकुमार चौधरी, आकाश लोधी, अभिराज लोधी और करीब 7-8 नकाबपोश साथियों के साथ अनुभव के घर पहुंचा। सभी के हाथों में तलवार, फरसा, राईजर, हसिया और लोहे की रॉड जैसे घातक हथियार थे। हमलावरों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार पर टूट पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंद्रकुमार चौधरी ने जान से मारने की नीयत से अनुभव के चाचा रामनारायण (42) के सिर और आंख पर तलवार से वार किया। वहीं, ऋषिकांत ने अनुभव के पिता रामनरेश (45) के सिर पर फरसा दे मारा। पिता को गिरता देख जब अनुभव और उसकी दादी मानू बाई व मां अभिलाषा बचाने दौड़ीं, तो आरोपियों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उन्हें लाठी-डंडों से लहूलुहान कर दिया।
महिलाओं के गले से छीने हार मंगलसूत्र, अलमारी का ताला तोड़कर नगदी निकाली
हमले के दौरान ही आरोपियों ने घर के भीतर लूटपाट शुरू कर दी। इंद्रकुमार और ऋषिकांत ने महिलाओं के गले से सोने के हार और मंगलसूत्र छीन लिए। इसके बाद कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे खेती-किसानी के 7-8 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। भागते समय आरोपी इंद्रकुमार का कट्टा (रिवॉल्वर) अनाज की बोरियों के पास गिर गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
दो की हालत नाजुक
घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां रामनरेश और रामनारायण की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। बेलखेड़ा पुलिस ने अनुभव की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ डकैती,बलवा, हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Next Post

नशे के लिए पैसे न देने पर ऑटो चालक और मां बेटी से मारपीट

Fri Mar 27 , 2026
जबलपुर: घमापुर थाना क्षेत्र में नशे के लिए पैसे न देने पर दो युवकों ने न केवल एक ऑटो चालक को पीटा, बल्कि बीच-बचाव करने आई मां बेटी पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। जानकारी अनुसार लालमाटी गणेश चौक निवासी श्रीमती सीमा वर्मा (36) बंगलों में काम कर […]

You May Like