इंदौर: पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार को पलासिया स्थित कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले 20 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया.कमिश्नरेट में बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से साप्ताहिक पुरस्कार योजना के तहत यह सम्मान दिया. इस दौरान अवैध हथियार, मादक पदार्थों की जब्ती, गंभीर अपराधों में तुरंत कार्रवाई और यातायात प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया. थाना द्वारकापुरी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 6 देशी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस जब्त कर आरोपी को पकड़ने वाली टीम सहित कई पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सराहा गया.
वहीं, विजय नगर क्षेत्र में चाकूबाजी के मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी, लसूड़िया में आरोपी को अकेले पकड़ने, जूनी इंदौर में अफीम बरामदगी और भंवरकुआ क्षेत्र में अवैध हथियार जब्ती जैसी कार्रवाइयों के लिए भी संबंधित स्टॉफ को सम्मान मिला. इसके अलावा अपराध शाखा की टीम को मुंबई से महिला आरोपी को गिरफ्तार कर एमडी ड्रग्स जब्त करने पर, जबकि यातायात पुलिस के कर्मचारियों को प्रमुख चौराहों पर बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और प्रभावी कार्रवाई के लिए सम्मानित किया. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सभी पुरस्कृत अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया.
