भोपाल: 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम लाल परेड मैदान आयोजित किया जाएगा. आमजनता की सुविधा और सुरक्षा की दृष्टि से इस दौरान लाल परेड की तरफ जाने वाला यातायात परिवर्तित रहेगा. कार्यक्रम में शामिल होने वाले आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग और प्रवेश की व्यवस्था की गई है. प्रवेश मार्ग और पार्किंग व्यवस्था लाल रंग के पासधारी सत्कार गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे और कांच गेट के सामने वाहन पार्क करेंगे. पीले रंग के पासधारी गेट नंबर छह से प्रवेश करेंगे और बैंड स्कूल के सामने वाहन पार्क करेंगे.
इसी प्रकार हरे रंग के पासधारी गेट नंबर छह से प्रवेश कर मोतीलाल स्टेडियम के सामने और नीले रंग के पासधारी गेट नंबर तीन से प्रवेश करके अपने वाहन हार्स राइडिंग मैदान पर पार्क करेंगे. आमजन पुलिस पेट्रोल पंप के सामने विजय द्वारा से प्रवेश करेंगे और वाहनों की पार्किंग एमवीएम ग्राउंड पर करेंगे. परिवर्तत मार्ग से चलेंगे वाहन रोशनपुरा चौराहा से भारत टाकीज की तरफ जाने वाले दोपहिया एवं चार पहिया वाहन बाणगंगा, मछलीघर, खटलापुरा, पीएचक्यू तिराहा से लिली टाकीज होकर जाएंगे.
मिनीबसें और बड़ी बसें अपेक्स बैंक तिराहे से लिंक रोड नंबर एक से बोर्ड आफिस चौराहा, डीबी माल, प्रेस काम्पलेक्स बीएसएनएल तिराहा, ईओडब्ल्यू, केंद्रीय विद्यालय से सुभाष नगर आरओबी होकर आगे जाएंगे. रेलवे स्टेशन से न्यू मार्केट की तरफ आने वाले वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे. लाल परेड की तरफ बंद रहेगा ट्रैफिक 26 जनवरी को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक सामान्य यातायात पुलिस मुख्यालय तिराहा से कंट्रोल रूम के बीच पूरी तरह से बंद रहेगा. अनुमति प्राप्त वाहन भी रोशनपुरा चौराहा से लाल परेड की ओर, वल्लभ भवन रोटरी चौराहा से लाल परेड की ओर तथा भारत टॉकिज से लाल परेड की ओर पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे.
