सिंगरौली: यातायात पुलिस ने रविवार देर रात विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। 28-29 जून की मध्यरात्रि शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर औचक चेकिंग के दौरान 10 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। सभी का ब्रेथ एनालाइजर एवं मेडिकल परीक्षण कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही सभी के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण संबंधित परिवहन विभाग को भेजे जा रहे हैं।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे में वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क हादसों का प्रमुख कारण है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से जून 2026 तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 100 से अधिक वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा 11 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन चलाने से बचें और स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें।
