मुंबई, 29 जून (वार्ता) फिल्म निर्माता और मीडिया उद्योग से जुड़े अनुभवी पेशेवर सिद्धार्थ रॉय कपूर सिनेनाउ के मुख्य सलाहकार (चीफ एडवाइजर) के रूप में कंपनी की फाउंडिंग टीम से जुड़ गए हैं।कंपनी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सिनेनाउ भारत में 1350 करोड़ रुपये के एंटरटेनमेंट इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म के निर्माण की दिशा में काम कर रहा है। कंपनी का उद्देश्य फिल्म और कंटेंट आईपी को एक व्यवस्थित और भरोसेमंद निवेश परिसंपत्ति के रूप में विकसित करना है। सिनेनाउ के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रोहित डालमिया ने कहा कि भारतीय मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग तेजी से विस्तार के दौर में है और कंटेंट अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर की परिसंपत्ति बन चुका है।
उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ रॉय कपूर का अनुभव और रणनीतिक दृष्टि कंपनी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सिद्धार्थ रॉय कपूर ने कहा कि भारतीय मनोरंजन उद्योग तेजी से विकसित हो रहा है और इसके साथ बेहतर वित्तीय समाधानों की आवश्यकता भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सिनेनाउ कंटेंट, पूंजी और तकनीक को एक मंच पर लाने की दिशा में कार्य कर रहा है तथा वह कंपनी के दीर्घकालिक विजन में योगदान देने को लेकर उत्साहित हैं। कंपनी के अनुसार सिद्धार्थ रॉय कपूर कंटेंट निवेश, उद्योग साझेदारी, प्लेटफॉर्म विस्तार और दीर्घकालिक रणनीति के क्षेत्र में मार्गदर्शन देंगे। उनके पास कंटेंट निर्माण, स्टूडियो प्रबंधन और मीडिया उद्यमिता का लंबा अनुभव है तथा उन्होंने कई सफल मनोरंजन परियोजनाओं का नेतृत्व किया है।

