नयी दिल्ली, 16 फरवरी (वार्ता) वस्तुओं के आयात में तेज वृद्धि से इस साल जनवरी में देश का कुल व्यापार घाटा लगभग दोगुना होकर 10.38 अरब डॉलर पर पहुंच गया। पिछले साल जनवरी में वस्तुओं और सेवाओं को मिलाकर कुल व्यापार घाटा 5.39 अरब डॉलर रहा था। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि जनवरी में वस्तुओं का निर्यात साल-दर-साल 0.6 प्रतिशत बढ़कर 36.56 अरब डॉलर और सेवाओं का निर्यात 26.33 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 43.90 अरब डॉलर रहा।
वस्तुओं का आयात 19.19 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 71.24 अरब डॉलर हो गया। जनवरी 2025 में यह 59.77 अरब डॉलर था। सेवाओं का आयात 17.30 प्रतिशत बढ़कर 19.60 अरब डॉलर रहा।
इस प्रकार कुल निर्यात 80.45 अरब डॉलर और कुल आयात 90.83 अरब डॉलर दर्ज किया गया। पिछले साल जनवरी में कुल आयात 71.90 अरब डॉलर और कुल निर्यात 76.48 अरब डॉलर पर था।

