
नर्मदापुरम। पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा बीना-भोपाल-इटारसी रेलखंड को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़े पैमाने पर कार्य की तैयारी की जा रही है। इस क्रम में प्रस्तावित 30 नए पुलों के निर्माण में नर्मदापुरम का पुल सबसे महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सामने आया है। परियोजना के तहत 26 बड़े और 4 छोटे पुल बनाए जाएंगे, जिनके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। करीब 296 करोड़ रुपये की इस योजना का उद्देश्य रेल यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है।
पुलों के निर्माण में तकनीकी पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्रत्येक पुल पर निरीक्षण के लिए पाथवे और रेलिंग की व्यवस्था होगी, जिससे मेंटेनेंस कार्य आसान और सुरक्षित रहेगा। साथ ही जलमार्ग वाले पुलों पर कवर शेड नहीं बनाए जाएंगे, ताकि प्राकृतिक जल प्रवाह बाधित न हो।
रेलवे का लक्ष्य इस परियोजना को दिसंबर 2026 से शुरू कर दो वर्षों में पूरा करने का है। इसके पूरा होने पर ट्रेनों की गति में सुधार, देरी में कमी और यात्रियों के समय की बचत संभव होगी। साथ ही बारिश और बाढ़ के दौरान भी रेल संचालन प्रभावित नहीं होगा।
बढ़ते रेल और माल परिवहन के दबाव को देखते हुए यह परियोजना ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाएगी। भविष्य में प्रस्तावित फोर्थ लाइन के लिए भी ये पुल आधार तैयार करेंगे, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।
