सबलगढ़ एसडीएम पर महिला से अभद्रता का आरोप, मुख्यालय अटैच

मुरैना। सबलगढ़ के एसडीएम अरविंद माहौर के खिलाफ एक परिवार ने कलेक्टर अंकित अस्थाना से शिकायत की है। इसके बाद कलेक्टर अंकित अस्थाना ने एसडीएम अरविंद माहौर को मुख्यालय अटैच कर दिया है। उनके स्थान पर मेघा तिवारी को सबलगढ़ की नई एसडीएम नियुक्त किया गया है।

परिवार ने आरोप लगाया कि एसडीएम अरविंद माहौर पिछले एक साल से उनकी बेटी को फोन कर गालियां दे रहे हैं और परिवार को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने एसडीएम मुख्यालय अटैच कर उनसे कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

शिकायतकर्ता नारायणी माहौर और उनके पति महावीर माहौर ने बताया कि एसडीएम ने उनकी बेटी का मोबाइल नंबर पता कर लिया और पिछले एक साल से देर रात फोन कर गंदी बातें करते हैं। जब उनकी बेटी ने फोन उठाना बंद कर दिया तो रिश्तेदारों को फोन कर धमकाने लगे।परिजनों के अनुसार, एसडीएम ने सबलगढ़ में उनके देवर की दुकान पर पहुंचकर उन्हें घर बुलाया और धमकी दी कि “तेरी बेटी और तेरी भाभी में बहुत गर्मी है, झूठे केसों में फंसा दूंगा। मुझसे बड़ा कोई अधिकारी नहीं है।” महिला ने जनसुनवाई में एक वीडियो भी कलेक्टर को सौंपा है, जिसमें कथित रूप से एसडीएम की आवाज में अभद्र भाषा सुनाई देती है। वीडियो में वह देवरानी से पूछते हैं कि “तेरी भाभी कहां की है?” और फिर कई आपत्तिजनक बातें करते हैं। शिकायत में महिला ने बताया कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार आत्महत्या को मजबूर हो जाएगा। नारायणी माहौर ने कहा कि अब यह प्रताड़ना सहन नहीं हो रही है, इसलिए कलेक्टर से न्याय की गुहार लेकर आए हैं।

इस मामले पर एसडीएम अरविंद माहौर ने पहले कहा कि उन्हें किसी ऐसे आरोप की जानकारी नहीं है। बाद में उन्होंने स्वीकार किया कि कलेक्टर कार्यालय से जानकारी मिली है लेकिन वह संबंधित परिवार को नहीं जानते।

 

Next Post

लेफ्टिनेंट सूर्यांश का ग्वालियर आगमन पर हुआ स्वागत

Tue Sep 16 , 2025
ग्वालियर। कांग्रेस नेता रविंद्र भदोरिया के सुपुत्र सूर्यांश प्रताप सिंह का चयन भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर होने के बाद सूर्यांश प्रताप सिंह आज ग्वालियर आए। ग्वालियरवासियो ने रैली निकालकर कर एवं फूल माला पहनकर उन्हें सम्मानित किया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like