जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में चल रहे कर्मचारी संघ चुनाव में प्रचार करने के लिए केवर दो दिन 23 एवं 24 मार्च का ही समय मिलेगा। अवकाश के चलते प्रचार- प्रसार का क्रम अभी घर-घर ही चल रहा है, जहां प्रत्याशी कर्मचारियों के घरों में पहुंचकर दस्तक दे रहे हैं। वहीं सोमवार से जब विश्वविद्यालय खुलेगा तब पूरे विश्वविद्यालय में सिर्फ चुनाव का ही प्रचार- प्रसार देखने को मिलेगा। उल्लेखनीय है कि 25 मार्च को कर्मचारी संघ का चुनाव होने वाला है, 18 मार्च को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की स्थिति भी पूरी तरह से साफ हो गई है, जिसके बाद से प्रत्याशी चुनाव में एड़ी चोटी का दम लगा रहे हैं।
सभी पदों में त्रिकोणीय मुकाबला
जानकारी के अनुसार कर्मचारी संघ अध्यक्ष के लिए तीन दावेदार मैदान में उतर चुके हैं। इनमें प्रेम प्रकाश पुरोहित, संजय यादव और वीरेंद्र सिंह पटेल शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया के समय नाम वापसी के बाद विभिन्न पदों के लिए अब तीन-तीन दावेदार मैदान में है। जिसमें उपाध्यक्ष के लिए दो पदों में चुनाव है जिसको लेकर 6 प्रत्याशी मैदान में है। वहीं एक महासचिव पद के लिए तीन उम्मीदवार, एक संयुक्त सचिव के लिए तीन उम्मीदवार, एक कोषाध्यक्ष पद के लिए भी तीन उम्मीदवार तो वहीं कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर 15 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं। देखा जाए तो प्रत्येक पद पर तीन-तीन उम्मीदवार अपने दावेदारी ठोक रहे हैं।
