आग से झुलसे युवक की मौत,आक्रोशित परिजनो ने किया चक्का जाम

संजय गुप्ता शाहपुर। शाहपुर में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन मंगलवार को लगभग 2 घंटे तक चला, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम सोहागपुर ढाना निवासी 22 वर्षीय देवेश वर्मा उर्फ गौतम 13 मार्च को जामपानी गांव में एक शादी समारोह में शामिल हुआ था। यहां पुरानी आपसी रंजिश को लेकर मृतक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी।

भोपाल हमीदिया अस्पताल में हुई मौत

विवाद के बाद देवेश घर लौटा और खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। इस घटना में वह 80-90 प्रतिशत तक झुलस गया था। गंभीर हालत में उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। देवेश मंडीदीप की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और होली की छुट्टी पर गांव आया था।

थाने के सामने 2 घंटे तक चला हंगामा

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। परिजन शाहपुर पहुंचे और पुलिस थाने के सामने सड़क पर शव रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। उन्होंने घटना में शामिल चार लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की परिजनों का आरोप है कि पुलिस राजनीति दबाव के कारण दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने से बच रही है।

उप पुलिस अधीक्षक की समझाइस पर हुआ मामला शांत

सूचना मिलने पर उप पुलिस अधीक्षक ,एसडीएम प्रांजल आर, तहसीलदार और अन्य थानो का पुलिस बल शाहपुर पहुंचा । उप पुलिस अधीक्षक ने समझाइश देकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ व प्रदर्शन समाप्त हुआ। थाना प्रभारी के अनुसार भोपाल से मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की बारीकी से जांच का आश्वासन दिया है।

Next Post

अपराध और भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे नपा अध्यक्ष के वित्तीय अधिकार छीन कर एसडीएम को सौंपे

Wed Mar 18 , 2026
परासिया। मध्यप्रदेश शासन ने महिला संबंधी अपराधों और अन्य गंभीर मामलों में फंसे नगरपालिका परिषद डोंगर परासिया के अध्यक्ष विनोद मालवीय से वित्तीय अधिकार छीन लिए हैं। अब उन्हें केवल नाममात्र का अध्यक्ष माना जाएगा। 18 मार्च को नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मंत्रालय भोपाल से जारी आदेश में उपसचिव […]

You May Like