
भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजाबाबू सिंह को धमकाने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंगलवार तड़के त्रिलंगा स्थित एडीजी के निवास के बाहर हुई, जहां कार से पहुंचे कुछ युवकों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक के हाथ में डंडा भी नजर आया है।
सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश चौरसिया और रुद्राक्ष यादव के रूप में हुई है।
घटना के बाद एडीजी राजाबाबू सिंह ने पुलिस आयुक्त और डीजीपी को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी और जान को खतरा होने की आशंका जताई थी।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे गलती से गलत पते पर पहुंच गए थे, जिससे विवाद की स्थिति बनी। दोनों निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
इधर, इस मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस अधिकारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना की।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
