जम्मू-कश्मीर : रिश्वत लेते दो पुलिस अधिकारी गिरफ्तार

श्रीनगर, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को श्रीनगर में एक मामले को बंद करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार किया।

एसीबी के अनुसार, उसे लिखित शिकायत मिली थी कि राम मुंशी बाग थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 65/2026 के जांच अधिकारी उप निरीक्षक करनजीत सिंह ने दोनों पक्षों के बीच मामले को “स्वीकार नहीं किया गया” के रूप में बंद करने के लिए शिकायतकर्ता से अवैध रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सिंह ने इसी थाने में तैनात अपने सहयोगी उप निरीक्षक रवि जी भट के माध्यम से रिश्वत की मांग की थी। सत्यापन के बाद एसीबी ने कहा कि अवैध रिश्वत की मांग के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

इसके बाद एसीबी श्रीनगर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धाराओं 7 और 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) के तहत प्राथमिकी संख्या 12/2026 दर्ज की गयी।

एसीबी ने जाल बिछाने के लिए एक दल का गठन किया। ब्यूरो के अनुसार, उप निरीक्षक रवि जी भट को जांच अधिकारी की ओर से शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। रिश्वत की रकम स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में भट के कब्जे से बरामद की गयी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

इसके बाद एसीबी ने पुलिस उप निरीक्षक करनजीत सिंह को मामले में कथित सह-साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Next Post

उत्तर प्रदेश : फुटवेयर कंपनी में लगी आग, दमकल की छह गाड़ियों ने पाया काबू

Wed Sep 2 , 2026
नोएडा, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सेंट्रल नोएडा में सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के जी ब्लॉक स्थित एक फुटवेयर कंपनी में मंगलवार को अचानक आग लग गयी। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया […]

You May Like