इंदौर: शहर में पालतू कुत्तों के हमले के दो अलग-अलग मामलों में दो बच्चे घायल हो गए. पुलिस ने संबंधित कुत्ता मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि क्षेत्र में हनुमान मोहल्ला रालामंडल काकड़ निवासी 11 वर्षीय शुभम सोलंकी को पड़ोसी सुनील कटारे के पालतू कुत्ते ने काट लिया. बताया गया है कि सुनील ने अपने कुत्ते को बच्चे की ओर छोड़ दिया, जिसके बाद लाल-भूरे रंग के कुत्ते ने शुभम पर झपट्टा मारते हुए उसकी कमर में काट लिया.
घटना में बच्चा घायल हो गया. वहीं बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि क्षेत्र के विशाल नगर में भी इसी तरह की घटना सामने आई. यहां डेढ़ साल का आरव अपने घर के आंगन में खेल रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाले मनोज परिहार का पालतू कुत्ता खुला घूमते हुए बच्चे तक पहुंच गया और उसके कान व गाल पर काट लिया. साथ ही कुत्ते ने बच्चे के सीने पर पंजा भी मारा, जिससे वह घायल हो गया. बच्चे की मां भारती कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
